
नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मध्य प्रदेश कैडर के प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का जलवा बरकरार है। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया। केंद्रीय नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद जारी इस सूची में मध्य प्रदेश कैडर के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार केरालिन खोंगवार देशमुख (आईएएस, 1996 बैच) को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद से स्थानांतरित कर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं, असित गोपाल (आईएफएस, 1990 बैच) को टेक्सटाइल मंत्रालय में पदोन्नति दी गई है। अब वे अतिरिक्त सचिव के बजाय विशेष सचिव और वित्तीय सलाहकार के रूप में कार्य करेंगे।
एमपी कैडर का दिल्ली में दबदबा
अपनी कार्यकुशलता के कारण मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारी केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण पदों पर हमेशा प्राथमिकता से पाते रहे हैं। आधिकारिक रिकॉर्ड और विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारियों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की स्थिति कुछ ऐसी है।
एमपी के करीब 70 अधिकारी केंद्र सरकार में तैनात
मध्य प्रदेश कैडर के करीब तीन दर्जन यानी 35 से 40 आईएएस अधिकारी वर्तमान में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में सचिव, अतिरिक्त सचिव, संयुक्त सचिव और निदेशक स्तर पर तैनात हैं। कई अधिकारी पीएमओ और नीति आयोग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में सक्रिय हैं।
एमपी कैडर के लगभग 25 से 30 आईपीएस अधिकारी केंद्रीय एजेंसियों जैसे इंटेलिजेंस ब्यूरो, सीबीआई, बीएसएफ और सीआरपीएफ में प्रतिनियुक्ति पर हैं। कई अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) कार्यालय से भी जुड़े रहे। प्रदेश के वन क्षेत्र में समृद्ध अनुभव को देखते हुए केंद्र में 10 से 12 आईएफएस अधिकारी पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के साथ-साथ अन्य मंत्रालयों में वित्तीय सलाहकार और सचिव स्तर के पदों पर सेवाएं दे रहे हैं।
एमपी के अफसरों का चुनाव इसलिए
जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक क्षमता और मध्य प्रदेश की भौगोलिक-सामाजिक परिस्थितियों के अनुभव के कारण इन अफसरों को केंद्र में नीति निर्धारण और वित्तीय प्रबंधन जैसे संवेदनशील कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जाती रही है और वे उसे बखूबी निभाते भी हैं।