
इंदौर। सोशल मीडिया पर हथियार के प्रदर्शन का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक युवती ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पिस्टल के साथ तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए, जो एक एसआई की बताई गई। यह तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
जांच में पता चला कि फोटो में दिखाई दे रही पिस्टल परदेशीपुरा थाने में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की बताई जा रही है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित पोस्ट हटा दिए। हालांकि, तब तक स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप्स वायरल हो चुके थे। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि हथियारों का इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन करना नियमों के विरुद्ध है।
नोटिस का जवाब मिलने पर कार्रवाई
शासकीय हथियारों के उपयोग और उनकी सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। वहीं डीसीपी कुमार प्रतीक की ओर से संबंधित एसआई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह पहले ही विभाग में अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपना चुके हैं।
लापरवाही पर कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
हाल के महीनों में लापरवाही और कदाचार के मामलों में कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में सरकारी पिस्टल के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।