
इंदौर। एक माह तक ठग ने पीड़ित को तरह-तरह के प्रलोभन दिए। प्रलोभन पर भरोसा करते हुए ठग ने उससे साढ़े 65 लाख रुपए हथिया लिए। घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के महेश एवेन्यू छोटा बांगड़दा रोड की है।
यहां रहने वाले दीपक पिता रामलाल चांदोरे ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में फेसबुक पर ट्रेडिंग से जुड़ा विज्ञापन देखा था। इसके बाद मैंने ट्रेडिंग संबंधी लिंक पर क्लिक किया, जिससे वह ‘ए 69 एबीसीएल वेल्थ नेवीगेटर क्लब’ नामक ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप में रोज मुनाफे के स्क्रीनशॉट, ट्रेडिंग वीडियो और ऑनलाइन लेक्चर साझा किए जाते थे। एक महीने तक गतिविधियां देखने के बाद मुझे उक्त ग्रुप पर भरोसा हो गया।
युवती ने की बात
ग्रुप में संपर्क करने पर वॉट्सऐप के जरिए खुद को दीया मेहरा बताने वाली युवती ने मुझसे बात की। उसने आदित्य बिरला कैपिटल के नाम से मिलता-जुलता लिंक भेजकर अकाउंट खुलवाया और ऐप डाउनलोड कराई। शुरुआत में 5 हजार रुपए निवेश कराए और ऐप पर अच्छा मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद 29 जनवरी से 20 फरवरी के बीच आरोपी के कहने पर उसने अलग-अलग निवेश योजनाओं में 65 लाख 57 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
4 करोड़ का दिखा मुनाफा
ऐप पर करीब 4 करोड़ रुपए का मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब रकम निकालने की कोशिश की तो तकनीकी कारण बताकर टाल दिया गया। बाद में नए आईपीओ में निवेश का दबाव बनाया गया। शक होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। एरोड्रम पुलिस ने चार मोबाइल नंबरों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।