
धार। जिले की कुक्षी तहसील के सरदारपुर-टांडा मार्ग पर सड़क किनारे तेंदुआ मृत मिला। क्षेत्र से गुजर रहे ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन अमला मौके पर पहुंचा व पूरे मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा, कि रात के अंधेरे में रोड क्रास करते समय संभवत किसी अज्ञात वाहन ने तेंदुए को टक्कर मार दी।
सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे
वन विभाग गुरुवार दोपहर तेंदुए के शव का पीएम करवाया, ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो सके। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं, इसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार टांडा वन क्षेत्र के अंतर्गत अनाज मंडी के पास बीती रात लगभग 11 बजे सड़क पर एक मृत तेंदुआ पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेंज अधिकारी एचएस कनुजे ने बताया कि वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी।
वन विभाग उस वाहन की तलाश कर रहा
मृत तेंदुए की उम्र लगभग 9 महीने बताई जा रही है। हालांकि, यह नर है या मादा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने पुष्टि की, कि तेंदुए की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है और विभाग उस वाहन की तलाश कर रहा है। मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम तीन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई बताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वन्यजीवों के घटते वन क्षेत्र और आबादी के लगातार विस्तार के कारण भोजन-पानी की तलाश में तेंदुए जैसे वन्यजीव अक्सर आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं, जिससे वे सड़क हादसों का शिकार बन रहे हैं।
