
इंदौर। नगर निगम ने आज सुबह कनाड़िया रोड स्थित बंगाली चौराहा से भंडारी रिसोर्ट तक सड़क पर लगने वाली अनियमित सब्जी मंडी को हटाने की बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से इस मंडी के कारण क्षेत्र में गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। निगम की रिमूव्हल गैंग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मंडी को पूरी तरह खाली करा लिया गया।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सब्जी ठेले और अस्थायी दुकानें सड़क तक फैल जाने से यातायात बाधित होता है। पूर्व में व्यापारियों को कई बार समझाइश दी गई थी, कि दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगाएं। लेकिन, सुधार न होने पर आज यह सख्त कार्रवाई की गई।


रिमूवल कार्रवाई के दौरान कई सब्जी व्यापारियों ने विरोध जताया और कहा कि यहीं से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है, इसलिए उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। लेकिन, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी इस मांग पर बात करने को तैयार नहीं दिखे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण विरोध जोर नहीं पकड़ सका।
निगम की टीम बुलडोजर और पोकलेन मशीन लेकर पहुंची थी। मशीनों की मदद से अस्थायी शेड और स्ट्रक्चर तोड़कर सड़क पूरी तरह खाली कराई गई। कुछ ही घंटों में पूरी मंडी हटाकर क्षेत्र को बाधामुक्त बना दिया गया। नगर निगम इससे पहले भी मालवा मिल, राजकुमार मिल, पाटनीपुरा, राज मोहल्ला और इतवारिया बाजार जैसी प्रमुख सब्जी मंडियों को स्थानांतरित या हटाने की कार्रवाई कर चुका है। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अनधिकृत मंडियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।