
नई दिल्ली। देशभर में इंडिगो एयरलाइंस के लगातार फ्लाइट कैंसिल और देरी से यात्री बेहाल हैं। स्थिति रविवार को भी सामान्य नहीं हुई, जिसका असर आम यात्रियों से लेकर सेलिब्रिटी तक पर दिखाई दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की, जिसमें उनके साथ कॉमेडियन जाकिर खान भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा ‘जब कॉमेडी और ट्रेजेडी टकराते हैं, इंडिगो के सताए हुए जाकिर खान इंदौर वाले।
इंडिगो की अव्यवस्था का असर सिर्फ इन दोनों पर ही नहीं पड़ा। इससे पहले सोनू सूद, जय भानुशाली, अली गोनी, निया शर्मा और साउथ एक्टर विजया कृष्णा नरेश भी देर से उड़ान और रद्द शेड्यूल को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर कहा ‘उड़ान में देरी निराशाजनक है, लेकिन उन लोगों को याद रखें जो इसे सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।’
इस बीच डीजीसीए ने इंडिगो कंपनी पर सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी किया। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर इसिड्रे पोरक्वेरस को शो कॉज नोटिस भेजकर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। हालांकि, एयरलाइन दावा कर रही है कि हालात सुधर रहे हैं। कंपनी के अनुसार 138 में से 137 डेस्टिनेशंस पर उड़ानें बहाल कर दी गई हैं। अब तक 610 करोड़ रुपये का रिफंड यात्रियों को दिया जा चुका है और 3,000 से अधिक बैग वापस किए जा चुके हैं। एयरपोर्ट्स पर भीड़ भी कम हुई है। किंतु, यात्रियों की परेशानी कम होने लगी है, लेकिन लगातार कैंसिलेशन और देरी ने इंडिगो की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
