
इंदौर। अब हत्या की जघन्य वारदातों में बदमाश ही नहीं, युवतियां और महिलाएं भी सामने आ रही है। यदि पूरे साल 2025 की तस्वीर देखें तो हत्या के आधा दर्जन से ज्यादा यानी 7 मामले ऐसे सामने आए, जिनमें महिलाओं और युवतियों की भूमिका ने सनसनी मचा दी। हत्याओं के पीछे कुछ रिश्तों से नाराज तो कुछ प्रताड़ना से नाराज थी। सिर्फ इतना ही नहीं, कुछ पति भी अपनी पत्नियों की हत्या के आरोपी बने।
ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी हत्याकांड सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। भले ही राजा की हत्या शिलांग में हुई, लेकिन उसकी साजिश पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर इंदौर में रची थी। पुरुषों ने भी पत्नी, प्रेमी की हत्या की। शिलांग पुलिस ने घटना सिलसिलेवार जांच करके अपनी रिपोर्ट में साबित कर दिया कि राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश शादी से पहले ही सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज ने रची और तीन सुपारी किलर को हायर करके हनीमून पर शिलांग पहुंचे राजा की हत्या कर दी।
इन घटनाओं में आया नाम
– 20 मार्च की देर रात महालक्ष्मी नगर के फ्लैट में मेकअप आर्टिस्ट भावना सिंह (28) निवासी ग्वालियर गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में लसूड़िया पुलिस ने आशु यादव, मुकुल यादव और युवती स्वास्तिका को गिरफ्तार किया था।
– 25 फरवरी भंवरकुआं में मेकअप आर्टिस्ट उर्फ किशु सिसोदिया (19) निवासी तेजाजी नगर ने प्रेमी संस्कार पिता घनश्याम पटोलिया निवासी सागर की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। दोनों पिपल्या राव इलाके में किराए से रहते थे। वारदात के बाद कृष्णा खुद थाने पहुंच गई थी।
– 5 जून को निर्दयी मां वर्षा पति अविनाश निवासी प्रजापत नगर ने सात माह की मासूम बेटी मायरा को हौज में डुबोकर मार डाला था। गिरफ्तारी पर खुलासा हुआ कि उसके सास-ससुर से आए दिन विवाद होते थे। इसके चलते उसने गुस्से में अपनी मासूम बच्ची की जान ले ली। वर्षा इससे पहले भी बच्ची को हौज में डालकर हत्या का प्रयास कर चुकी है।
– 22 जून को विजय नगर में बहू नेहा पति संदीप पटेल निवासी श्रीराम नगर ने पत्थर मारकर सास गोमती बाई पति कौशल प्रसाद की हत्या कर दी थी। ससुर पहुंचा तो हत्यारी बहू लाश का सिर धोने लगी थी। सास, बहू पर शंका करती थी इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। इसके चलते उसने सास की हत्या की।
– 9 अगस्त को प्रेम-प्रसंग के चलते तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के मोरोद गांव में ग्राम काठी जिला जालौन निवासी संजय यादव की हत्या हो गई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपी अर्चना यादव, मुन्नालाल यादव, रोहित यादव और शुभम उर्फ बाबू यादव को गिरफ्तार किया था। अर्चना का संजय के संबंध था। इसके चलते पति अनूप यादव उससे मारपीट करता था। साजिश के तहत अर्चना के जरिए संजय को मिलने बुलाया और अर्चना के पिता मुन्नालाल (60), भाई रोहित और भतीजा शुभम ने डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी।
– 13 अगस्त को कनाड़िया गांव में रानी सोनगरा (28) की गोली मारकर हत्या हुई थी। पुलिस ने रानी के पति ईश्वर सोनगरा, उसकी दूसरी पत्नी तोषिका, शूटर मुजफ्फर खान और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया था।
-15 अगस्त को नायता मुंडला में जन्मदिन के एक दिन पहले ही मां बिंजल ने अपनी दो वर्षीय बच्ची राधिका के रोने से नाराज होकर डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी।
पत्नियों के हत्यारे बने पति
शहर में सबसे ज्यादा हत्या तात्कालिक विवाद और रंजिश की रही, लेकिन डेढ़ दर्जन मामलों में रिश्तों में खून-खराबा हुआ और बात कत्ल तक जा पहुंची। कुछ मामले ऐसे सामने आए, जिनमें पतियों ने ही पत्नियों की हत्या कर दी। 4 अप्रैल को अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सिल्वर पैलेस कॉलोनी में ताराचंद खत्री (70) ने पारिवारिक कलह के चलते पत्नी सीमा खत्री (65) की कैंची से हत्या की और घर के तीसरे माले से कूदकर जान दे दी थी। 15 साल से बेरोजगार ताराचंद क्राइम पेट्रोल सीरियल देख-देखकर सनकी हो गया था। दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। 15 दिन पहले से पत्नी को चाकू मारकर सुसाइड की बात कह रहा था।
साथ नहीं चली तो मार डाला
21 जुलाई को हीरा नगर थाना क्षेत्र के सुखलिया में बहन के घर ठहरी जनकपुर कॉलोनी निवासी दीपू की, साथ नहीं चलने पर गुस्से में आकर पति कमलेश ने चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। 1 अगस्त की रात निरंजनपुर निवासी रामबाबू करैले (60) ने मामूली बात को लेकर हुए झगड़े में सो रही पत्नी पानबाई (55) को जिंदा जला दिया था। बचाने में पोती पलक झुलस गई थी। रामबाबू ने 5 अगस्त को ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। 6 अगस्त को पानबाई और अगले दिन पोती पलक की भी मौत हो गई थी।
13 अगस्त को कनाड़िया गांव में रानी सोनगरा की गोली मारकर हत्या हुई। पुलिस ने पति ईश्वर, उसकी दूसरी पत्नी तोषिका, शूटर मुजफ्फर खान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया। 24 दिसंबर की शाम लसूड़िया थाना क्षेत्र में संगीता चौहान (45) निवासी निरंजनपुर की उसके ड्राइवर पति रमेश ने सिर पर भारी वस्तु मारकर हत्या कर दी और भाग निकला। पति के अवैध संबंधों को लेकर आए दिन विवाद होते थे।
