
विक्रम सेन
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस नेतृत्व को नई मजबूती प्रदान करते हुए पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा 31 दिसंबर 2025 की शाम को जारी आदेशों के तहत 1994 से 2017 बैच तक के 50 से अधिक भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को विभिन्न उच्च पदों पर पदोन्नति दी गई है।
सरकार ने इस संबंध में कुल 8 अलग-अलग पदोन्नति आदेश जारी किए हैं, जिनमें विशेष पुलिस महानिदेशक (Special DG) से लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (JAG) तक के पद शामिल हैं। अधिकांश पदोन्नतियाँ 1 जनवरी 2026 से प्रभावशील होंगी।
पदोन्नति का मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रशासन को अधिक सक्षम, अनुशासित और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाना है, जिससे अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
उच्च स्तर की प्रमुख पदोन्नतियाँ
विशेष पुलिस महानिदेशक (लेवल-16)
आशुतोष राय (1994 बैच) को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अजाक, पुलिस मुख्यालय से पदोन्नत कर विशेष पुलिस महानिदेशक (अजाक, पुलिस मुख्यालय) बनाया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लेवल-15)
प्रमोद वर्मा (2001 बैच), वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर जोन, को पदोन्नत कर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जबलपुर जोन बनाया गया है। यह पदोन्नति 1 जनवरी 2026 से प्रभावशील होगी।
पुलिस महानिरीक्षक (IG) स्तर लेवल-14
निरंजन बी. वायंगणकर (1999 बैच) IG, साइबर, पुलिस मुख्यालय
शियास ए./रियास ए. (2008 बैच) IG, साइबर, पुलिस मुख्यालय
ललित शाक्यवार (2008 बैच), IG, शिकायत एवं मानव अधिकार, पुलिस मुख्यालय
उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) स्तर, लेवल-13A
2010 से 2012 बैच के कुल 13 अधिकारियों को DIG पद पर पदोन्नत किया गया है, जिनमें प्रमुख नाम हैं;
राकेश सगर, रियाज इकबाल, राहुल कुमार लोढ़ा, सिमाला प्रसाद, असित यादव, सुशील रंजन सिंह, संजय कुमार सिंह, मयंक अवस्थी, अभिजीत कुमार रंजन, अमित तोलानी, गौरव तिवारी, साकेत पांडे और विवेक सिंह।
प्रवर श्रेणी (Selection Grade) लेवल-13
2012-13 बैच के कुल 11 अधिकारियों को इस श्रेणी में पदोन्नति दी गई है। इनमें बड़वानी, टीकमगढ़, दतिया, जबलपुर, इंदौर ग्रामीण, शहडोल सहित कई जिलों के वर्तमान पुलिस अधीक्षक तथा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।
कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (JAG) लेवल-12
2017 बैच के 6 अधिकारियों में अंकित सोनी, अंकित जायसवाल, रोहित काशवानी, पुनीत गेहलोद, रविंद्र वर्मा एवं हितिका वासल को JAG स्तर पर पदोन्नत किया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर प्रोफार्मा पदोन्नति
1994 से 2012 बैच के 7 वरिष्ठ अधिकारियों को कैडर संरक्षण के अंतर्गत प्रोफार्मा पदोन्नति प्रदान की गई है।
चुनावी आचार संहिता के कारण कई अधिकारी फिलहाल अपनी वर्तमान पोस्टिंग पर ही बने रहेंगे, किंतु उनका पदनाम एवं वेतनमान अपग्रेड किया गया है। कुछ अधिकारियों को मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP-III) में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।
यह व्यापक प्रशासनिक सर्जरी नए वर्ष 2026 से पहले पुलिस विभाग में नेतृत्व, कार्यक्षमता और जवाबदेही को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।