
इंदौर। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का असर अब नियमित हवाई उड़ानों पर भी होने लगा है। दिनभर मौसम साफ रहता है और सूरज ढलते ही तापमान में गिरावट के साथ कोहरा छाने लगता है। सर्द हवाओं ने भी शहर के लोगों को परेशान कर रखा है। रात बढ़ने के साथ ही पारा भी गिरता है। मंगलवार को सुबह कोहरा इतना घना कोहरा था कि इंदौर पहुंचे दो विमान उतर नहीं पाए। इन्हें डायवर्ट कर अहमदाबाद और राजकोट भेजा गया। भोपाल में भी घने कोहरे के चलते एक फ्लाइट को डायवर्ट कर इंदौर भेजा गया।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था। लेकिन, रविवार की अपेक्षा 0.4 डिग्री कम था। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 15 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। सुबह घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता 600 मीटर तक पहुंच गई, जो सोमवार को 6 किलोमीटर तक थी।
मुंबई से आई दो फ्लाइट डायवर्ट
दृश्यता कम होने के कारण इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई से सुबह 7.45 बजे इंदौर आकर 8.15 बजे वापस मुंबई जाने वाली फ्लाइट सुबह तय समय पर इंदौर पहुंची, लेकिन घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से विमान को उतारा नहीं जा सका। मौसम साफ नजर न आने के चलते इस विमान को डायवर्ट कर राजकोट ले जाया गया। इसी तरह मुंबई से ही सुबह 9.05 बजे इंदौर आकर 9.35 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट भी तय समय पर इंदौर पहुंची। लेकिन, घने कोहरे के कारण यह भी लैंड नहीं कर पाई। इसे डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ानें 10.30 से 11.00 बजे के बीच इंदौर आकर 11.30 तक वापस जाने वाली थी, जिसमें विलंब हुआ।
गोवा जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल
मंगलवार सुबह गोवा में भी खराब मौसम के चलते गोवा से पुणे होकर इंदौर आने वाली और इंदौर से वापस गोवा जाने वाली फ्लाइट को निरस्त किया गया। यह फ्लाइट 10.00 बजे पुणे से इंदौर आकर 10.55 बजे गोवा जाती है। उड़ानों के निरस्त और डायवर्ट होने से लेट होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भोपाल के विमान को इंदौर भेजा
भोपाल में भी मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया। इस कारण अहमदाबाद से भोपाल पहुंचा इंडिगो एयरलाइंस का विमान उतर नहीं पाया। इसे डायवर्ट कर इंदौर लाया गया। इस विमान में 70 से ज्यादा यात्री सवार थे। मौसम साफ होने के बाद विमान को भोपाल ले जाया गया।
