
इंदौर। जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरा हो गया (एसआईआर) है। अंतिम सूची के अनुसार, जिले में 24,86, 996 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इनमें 12,52,332 पुरुष, 12,34569 महिला, 95 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं। जिले का समग्र जेंडर रेश्यो 986 दर्ज किया गया।
यह जानकारी कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक में दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधानसभा-3 सबसे कम 1.54 लाख वोटर
अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार, जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है। देपालपुर (203) में 2,55,354, इंदौर-1 (204) 3,11,268, इंदौर (205) 2: 2,89,962, इंदौर-3 (206) 1,54,131, इंदौर-4 (207) 2,18,147, इंदौर-5 (208) 3,52,849, डॉ अंबेडकर नगर (महू 209) 2,66,115, राऊ (210) 3,38,544, सांवेर (211) 3,00,626 हैं।
दावे, आपत्तियों का निपटारा
बैठक में बताया गया कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान फार्म-6 के 79,660 आवेदन मिले, जिनमें से 71,114 मंजूर हुए। फार्म-7 के 6,796 आवेदन मिले, जिनमें से 5,959 मंजूर हुए। फार्म-8 के 54,928 आवेदन मिले, जिनमें से 49,396 मंजूर हुए। इस प्रकार कुल 1,41,000 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,26,469 आवेदन स्वीकार किए गए।
अंतिम सूची तक बढ़े मतदाता
अधिकारियों ने बताया कि 23 दिसंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 24,20,171 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण और दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 24,86,996 हो गई है। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, समयबद्धता और दावों-आपत्तियों के निष्पक्ष निराकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।