
भोपाल। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस कड़ी में अब प्रदेश की सवा करोड़ लाड़ली बहनों को भी एक नई योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। ‘गोपालन’ नाम की इस योजना के तहत प्रदेश की ‘लाड़ली बहनों’ को गाय के लिए अनुदान देकर जोड़े जाने की तैयारी है। इसके लिए पशुपालन विभाग योजना बना रहा है। बजट में इस नई योजना का ऐलान किया जा सकता है।
मप्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा। प्रदेश में 591 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दूध का उत्पादन किया जा रहा है। इसे 20% तक बढ़ाने का लक्ष्य लेकर सरकार काम कर रही है। इस दिशा में अब प्रदेश सरकार ‘लाड़ली बहनों’ को भी दुग्ध उत्पादन की इस मुहिम से जोड़ने जा रही है। पशुपालन विभाग द्वारा इस योजना का खाका तैयार किया जा रहा है। योजना के तहत लाड़ली बहनों को अनुदान पर एक-एक दुधारू गाय उपलब्ध कराई जाएगी।
एक लाख तक का राशि दी जाएगी
इस योजना में महिलाओं को एक गाय खरीदने के लिए करीब 1 लाख रुपए तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें राज्य शासन 33% तक का अनुदान देगा। इसमें सामान्य और ओबीसी वर्ग की महिलाओं को 25% का अनुदान दिया जाएगा। जबकि, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को 33% तक का अनुदान दिया जाएगा। गाय लेने वाले महिलाओं को बाकी राशि हर माह समान किस्त के रूप में चुकाना होगी। यह राशि महिलाओं को सरकार अपनी गारंटी पर बैंकों से दिलाएगी।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना
राज्य शासन के निर्देश पर पशुपालन विभाग योजना पर काम किया जा रहा है। इस योजना को शुरू करने का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। ‘गोपालन’ से जोड़ना से ग्रामीण अंचल की महिलाएं दूध बेचकर आर्थिक रूप से सक्षम होंगी। साथ ही प्रदेश में इसका असर दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी के रूप में दिखाई देगा।
पशुपालन विभाग के संचालक डॉ पीएस पटेल कहते हैं कि इस योजना पर काम चल रहा है, इस पर अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा। आगामी बजट में दुग्ध उत्पादन से महिलाओं को जोड़ने की इस योजना को लेकर ऐलान किया जा सकता है। राज्य सरकार की मंशा है कि प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम बनें। राज्य सरकार इसके लिए महिलाओं को ट्रेनिंग और जॉब से जोड़ रही हैं।
