
धार। भोजशाला में आज शुक्रवार को सूर्योदय के साथ ही बसंत पंचमी के यज्ञ की शुरुआत हो गई। सुप्रीम कोर्ट से मिले निर्देशों के बाद हिंदू पक्ष भोजशाला में अखंड पूजा कर रहा है। मुस्लिम पक्ष को दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच सीमित संख्या में एक निश्चित जगह पर नमाज पढ़ने दी जाएगी। सुरक्षा के तौर पर धार में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। 8000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। 13 एसपी रेंज के अधिकारी मौके पर नजर बनाए हैं।
इसके अलावा 25 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 67 एसडीओपी और नगर पुलिस अधीक्षक, 107 नगर निरीक्षक और 393 उपनिरीक्षक/सहायक निरीक्षक, 933 महिला पुलिसकर्मी सहित 8 आरएएफ की प्लाटून और सीआरपीएफ भी तैनात की गई।


भोजशाला के आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा
धार भोजशाला में सुरक्षा का कड़ा घेरा है। शहर छावनी में तब्दील हो गया। भोजशाला में सूर्योदय से सूर्यास्त तक बसंत पंचमी का उत्सव मनाया जाएगा। पहले मां वाग्देवी के चित्र को भोजशाला के अंदर ले जाया गया. हिंदू संगठन मां वाग्देवी के चित्र को अंदर लेकर पहुंचे। हिंदू समुदाय ने गुरुवार रात से ही तैयारी करनी शुरु कर दी थी। तेल चित्र को भोजशाला के भीतर स्थापित करने के बाद आज दिनभर पूजा होगी। अखंड पूजन, महाआरती, धर्मसभा और शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
भोजशाला में गुरुवार रात से ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी थी। मीडिया को भोजशाला के बाहर ही रखा गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत लोगों की सीमित संख्या में दोपहर 1 से 3 बजे के बीच भोजशाला परिसर में एक निश्चित स्थान पर नमाज भी पढ़ी जाएगी। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि अखंड पूजा भी होगी और नमाज भी निर्बाध पढ़ी जाएगी।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
धार के एसपी मयंक अवस्थी ने कहा कि इस आयोजन को लेकर व्यापक व्यवस्था सुरक्षा के प्रबंधन किए गए हैं। पुलिसबल को यहां तैनात किया गया। हमारे पास आरएएफ और सीआरपीएफ भी तैनात हैं। एक-एक गली हमारी निगरानी में हैं और शहर के संवेदनशील क्षेत्र को ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती भोजशाला पहुंचे। उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन किए। मंत्री सावित्री ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया. पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि जहां पूजा होती है, वहां नमाज कबूल नहीं होती।
भजन करते हुए महिलाएं पहुंच रहीं भोजशाला
धार भोजशाला में बसंत पंचमी उत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं भोजशाला पहुंची हैं। आस्था का जनसैलाब धार की सड़कों पर नजर आ रहा है. महिलाओं की छोटी-छोटी टोली गलियों से निकलकर भोजशाला पहुंच रही हैं। भजन-कीर्तन करते हुए महिलाएं मां सरस्वती देवी के दर्शन के लिए भोजशाला मंदिर पहुंच रही हैं।
