
नई दिल्ली। बुधवार को पहली बार चांदी 2 लाख रुपए प्रति किलो के पार निकल गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (इब्जा) के अनुसार एक किलो चांदी की कीमत 8,775 रुपए बढकर 2,00,750 रुपए पर आ गई। इससे पहले ये 1,91,977 रुपए पर थी। चांदी पहली बार 1 लाख रुपए पर पहुंची थी, यानी चांदी को 1 लाख से 2 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंचने में सिर्फ 9 महीने का समय लगा। जबकि, इसे 50 हजार से 1 लाख रुपए तक पहुंचने में 14 साल लगे थे। अब चांदी ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई।
चांदी की कीमत ने नया इतिहास रच दिया है और चांदी की कीमत पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत मांग, आपूर्ति की कमी और फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीदों से चांदी में जबरदस्त तेजी आई। एमसीएक्स और सर्राफा बाजार में भी चांदी नए रिकॉर्ड स्तर पर है।
बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में 7,300 रुपये प्रति किलोग्राम का जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिसके साथ ही इसका भाव 2,07,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया. यह पहला मौका है, जब चांदी ने घरेलू बाजार में दो लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार किया। इससे एक दिन पहले चांदी का बंद भाव 1,98,500 रुपये प्रति किलो था।
सोने की कीमतों में भी मजबूती
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना 600 रुपये चढ़कर 1,36,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। जबकि, मंगलवार को यह 1,35,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। निवेशकों की सुरक्षित निवेश की मांग ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का नया शिखर
वैश्विक स्तर पर भी चांदी ने नई ऊंचाइयों को छू लिया है। विदेशी बाजार में हाजिर चांदी पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गई. इसमें 2.77 डॉलर यानी 4.35% की तेजी आई और भाव 66.52 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं, हाजिर सोना भी 0.43% बढ़कर 4,321.06 डॉलर प्रति औंस हो गया।
वायदा कारोबार में सर्वकालिक उच्च स्तर
वायदा बाजार में भी चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मार्च 2026 डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 8,356 रुपये यानी 4.2% चढ़कर 2,06,111 रुपये प्रति किलो के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इसी तरह मई 2026 के अनुबंधों में 8,266 रुपये यानी 4.12% की तेजी आई और भाव 2,08,914 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इस साल अब तक 135% से ज्यादा उछाल
अगर पूरे साल की बात करें, तो चांदी ने निवेशकों को असाधारण रिटर्न दिया है। 1 जनवरी 2025 को चांदी की कीमत 87,578 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 2 लाख रुपये से ऊपर पहुंच गई है. यानी इस वर्ष अब तक चांदी की कीमत में 1,18,533 रुपये या करीब 135.34% की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सोने में सीमित उतार-चढ़ाव
शुरुआती तेजी के बाद वायदा बाजार में सोने की कीमतों में हल्की गिरावट देखी गई। एमसीएक्स में फरवरी 2026 डिलीवरी वाले सोने का भाव 359 रुपये यानी 0.27% गिरकर 1,34,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं, अप्रैल 2026 के अनुबंध 293 रुपये यानी 0.21% की गिरावट के साथ 1,37,117 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए।
चांदी में तेजी के पीछे क्या कारण
विशेषज्ञों के मुताबिक, चांदी की कीमतों में तेजी के पीछे कई अहम कारण हैं। वैश्विक स्तर पर आपूर्ति में लगातार कमी, अगले साल फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद, और औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी ने चांदी को मजबूत बनाया है। इसके अलावा रुपये में कमजोरी ने भी डॉलर आधारित कमोडिटी कीमतों को ऊपर धकेला।
