
इंदौर। देपालपुर तहसील के ग्राम नेवरी में नर्मदा मालवा लिंक परियोजना की मुख्य पाइपलाइन फूट जाने से हालात बेहद गंभीर हो गई। बीते दो दिनों से लगातार पाइप लाइन से भारी मात्रा में पानी बह रहा है, जिससे आसपास के किसानों के खेत तालाब में बदल गए। इस घटना से कई किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पाइप लाइन फूटने की सूचना संबंधित विभाग को समय पर दे दी गई थी, इसके बावजूद अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न पानी बंद करने की कोई कार्रवाई की गई। फसल के नुकसान का सर्वे भी नहीं किया गया, जिससे किसानों में आक्रोश है।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पाइप लाइन की मरम्मत की जाती तो उनकी मेहनत की फसल बचाई जा सकती थी। यह घटना नर्मदा मालवा लिंक परियोजना के रखरखाव में गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है। किसानों ने मांग की है कि तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी का बहाव रोका जाए, फसल नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
