
सिवनी। जिले के लखनादौन विकासखंड स्थित शासकीय मढ़ी हाई स्कूल इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बीते करीब 20 दिनों से स्कूल का शैक्षणिक माहौल भी बिगड़ गया। स्कूल में अध्ययनरत छात्राओं को अचानक झटके आना, उनका चीखना-चिल्लाना और अजीबो-गरीब हरकतें करना सामने आया। मंगलवार को भी ऐसी ही घटना दोहराई गई, जिससे स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में दहशत है।
लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते जनचर्चाओं में भूत-प्रेत या भूत बाधा जैसी अफवाहें भी फैल रही हैं। हालांकि, प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी ऐसी बातों को सिरे से खारिज कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर छात्राओं के साथ ऐसा क्यों हो रहा है। इसी असमंजस ने अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी।
मंगलवार को शासन के जिम्मेदार अधिकारी मढ़ी हाई स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल लखनादौन रेफर किया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कारणों की जांच कर रहा है।
सिवनी जिले के जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त लालजीराम मीणा ने देर शाम स्कूल पहुंचकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करवाई और साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा विद्यालय परिसर में सकारात्मक माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भूत-बाधा जैसी बातों को बढ़ावा देना उचित नहीं है। एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बीएमओ लखनादौन ने कहा कि छात्राओं की स्वास्थ्य जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(खुलासा लाईव भूत-बाधा जैसी बातों को बढ़ावा नहीं देता और पाठकों से अपील करता है कि आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें)
