
ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए परीक्षा एवं संबद्धता शुल्क की संशोधित दरें घोषित कर दी हैं। कार्यपालिका समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के साथ नामांकन, संबद्धता, दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य सेवाओं के शुल्क में परिवर्तन किया गया है।
नई दरें आगामी परीक्षा सत्र से प्रभावी रहेंगी।
मंडल के अनुसार, नियमित विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों का परीक्षा शुल्क 1500 रुपये तथा स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त विषय लेने पर प्रति विषय 700 रुपये देना होगा। द्वितीय परीक्षा में एक विषय के लिए 500 रुपये, दो विषयों के लिए 1000 रुपये, तीन या चार विषयों तक 1500 रुपये और चार से अधिक विषयों के लिए 2000 रुपये शुल्क तय किया गया है।
डीएलएड नियमित परीक्षार्थियों के लिए संपूर्ण परीक्षा शुल्क 7000 रुपये रहेगा। द्वितीय अवसर में दो विषयों तक 3000 रुपये, चार विषयों तक 5000 रुपये और चार से अधिक विषयों के लिए 7000 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
दस्तावेज़ और अन्य सेवाओं के शुल्क
अन्य बोर्ड से आने वाले विद्यार्थियों के लिए ग्राह्यता शुल्क 1200 रुपये रखा गया है। परीक्षा केंद्र परिवर्तन के लिए 1000 रुपये तथा विषय, माध्यम या संकाय परिवर्तन के लिए प्रति विषय 700 रुपये शुल्क देना होगा। अंकसूची की प्रतिलिपि, प्रमाण-पत्र या माइग्रेशन प्रमाण-पत्र (10 वर्ष तक के अभिलेख) के लिए 1000 रुपये और 10 वर्ष से पुराने अभिलेखों के लिए 1200 रुपये निर्धारित किए गए हैं। सत्यापन शुल्क भी इसी दर से लागू होगा। परीक्षा परिणाम घोषित होने के तीन माह के भीतर दस्तावेज़ संशोधन नि:शुल्क रहेगा, जबकि तीन माह से एक वर्ष तक 600 रुपये और एक वर्ष से अधिक पुराने अभिलेख में संशोधन के लिए 1000 रुपये प्रति दस्तावेज़ शुल्क देना होगा।
इस बदलाव के पीछे यह कारण
उत्तरपुस्तिकाओं की पुनर्गणना के लिए 400 रुपये तथा उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने के लिए 350 रुपये निर्धारित किए गए हैं। मंडल का कहना है कि शुल्क संरचना में यह बदलाव परीक्षा प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है।