
नागदा (उज्जैन)। लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के 23 दिसंबर 2025 को प्रसारित एपिसोड में मध्यप्रदेश के नागदा को लेकर की गई टिप्पणी के बाद स्थानीय स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। कार्यक्रम के होस्ट अमिताभ बच्चन ने शो के दौरान नागदा को पानी की समस्या से जूझता एक छोटा सा गांव बताया था।
इस कथन को लेकर शहर के कुछ लोगों ने इसे तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए विरोध जताया है।
इस मामले में नागदा स्थित ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (जेएमएफसी) न्यायालय में परिवाद दायर किया गया। न्यायालय ने परिवाद स्वीकार करते हुए इसे केस इंफॉर्मेशन सिस्टम (सीआईएस) में दर्ज करने और संबंधित थाने से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को निर्धारित की है।
अमिताभ और ‘सोनी’ के सीईओ पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने परिवाद में अमिताभ बच्चन के साथ-साथ सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के सीईओ गौरव बनर्जी के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर के मंच पर शहर के संबंध में भ्रामक जानकारी प्रस्तुत किए जाने से उसकी छवि प्रभावित हुई है।
छोटा गांव और जलसंकट ग्रस्त कहना गलत
मामले की पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं राजेश मंडवारिया (आलोट) और दीपमाला अवाना (नागदा) के अनुसार, नागदा को ‘छोटा गांव’ बताना तथ्यों के अनुरूप नहीं है। अधिवक्ता जैना श्रीमाल ने भी कहा कि शहर को जल संकटग्रस्त क्षेत्र के रूप में प्रस्तुत करना भी सही नहीं है।
परिवाद में उल्लेख किया गया है कि नागदा मालवा क्षेत्र का एक प्रमुख रेलवे जंक्शन और औद्योगिक नगर है, जिसकी आबादी लगभग डेढ़ लाख बताई जाती है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नागदा को जिला बनाने की घोषणा की जा चुकी है। अब अदालत में अगली सुनवाई के दौरान आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।