
इंदौर। विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में इन दिनों दानपेटियों को खोलकर दान राशि की गिनती का कार्य जारी है। 7 दिसंबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 1 करोड़ 67 लाख रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। जबकि, अभी दो अन्य दानपेटियों की गिनती शेष है। मंदिर परिसर में यह कार्य कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी में किया जा रहा है।

मंदिर के पुजारी पंडित धर्मेन्द्र भट्ट ने बताया कि खजराना गणेश मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा व क्षमता के अनुसार दान अर्पित करते हैं। परंपरा के अनुसार वर्ष में तीन बार दानपेटियां खोली जाती हैं। इस बार करीब तीन माह बाद दानपेटियां खोली गई हैं, जिनकी गिनती लगातार की जा रही है।
नकद राशि के अलावा दानपेटियों से सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी करेंसी और कई श्रद्धालुओं के पत्र भी प्राप्त हुए हैं। मंदिर समिति के अनुसार अब तक प्राप्त दान राशि को बैंक में जमा करा दिया गया है। संभावना है कि आज शाम तक पूरी गिनती का कार्य संपन्न हो जाएगा, जिसके बाद कुल दान राशि का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।