
इंदौर। संभाग आयुक्त डॉ सुदाम खाड़े ने सोमवार को बड़वानी जिले के ठीकरी विकासखंड स्थित शासकीय उत्कृष्ट हाईस्कूल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जयति सिंह, उप निर्वाचन अधिकारी सोहन कनास तथा एसडीएम राजपुर कुमार सानू देवड़िया उपस्थित रहे।

संभाग आयुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर एसआईआर कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अनुपस्थित,स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि एवं मृतक मतदाताओं के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही मैप्ड मतदाताओं में से 10 प्रतिशत के भौतिक सत्यापन को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है, इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं है।
इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी सोहन कनास ने जानकारी दी कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनुपस्थित,स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि एवं मृतक मतदाताओं की सूची मतदान केंद्र के बाहर सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दी गई है, ताकि आम नागरिक भी जांच कर सकें। संभागायुक्त ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।