
ढाका। बांग्लादेश में एक काली मंदिर में पूजा के दौरान कुछ नकाबपोश हमलावरों ने बम से हमला कर दिया. घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना उस समय हुई जब मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग चेहरे पर राक्षस का मास्क लगाकर मंदिर परिसर के पास पहुंचे और बैग में बम रखकर भाग गए।
आरती के वक्त अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनते ही मंदिर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बांग्लादेश में पिछले कुछ सालों में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई, जिन्हें लेकर अल्पसंख्यक समुदायों में चिंता बढ़ी है। अलग-अलग इलाकों में मंदिरों में तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं पहले भी दर्ज की जा चुकी हैं।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
हमलावरों की यह पूरी हरकत मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ नकाबपोश युवक मंदिर के पास आते हैं। थोड़ी देर बाद वहां एक बैग रखकर चले जाते हैं, जिसमें बम था। पुलिस अब इस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय मंदिर में पूजा चल रही थी और कई श्रद्धालु वहां मौजूद थे। अचानक हुए धमाके से लोग घबरा गए। हालांकि, राहत की बात ये रही कि इस हमले में किसी के गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन मंदिर परिसर में हल्का नुकसान जरूर हुआ।
पुलिस मामले की जांच में लगी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। ताकि आगे किसी तरह की अनहोनी न हो।