

श्रीगंगानगर। यहां एक ऐसी घटना घटी जो इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलती-जुलती है। राजस्थान के इस जिले में ऐसा सनसनीखेज मामला हुआ, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। इसे इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही ‘हनीमून मर्डर’ बताया जा रहा है। यहां एक दुल्हन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर शादी के महज तीन महीने बाद ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी और इसे एक सड़क हादसे (हिट एंड रन) का रूप देने की कोशिश की। फर्क इतना था कि राजा रघुवंशी को शिलांग में मारा गया और आशीष को उसी के शहर में।
पति की हत्या ऐसे करवाई
वारदात 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे की है। रावला थाना क्षेत्र के अनूपगढ़ मार्ग पर आशीष और उसकी पत्नी अंजू बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। पत्नी अंजू को होश आ गया। उसने पुलिस को कहानी सुनाई कि एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और उसकी सोने की ज्वेलरी लूट ली। गंगानगर एसपी अमृतु दुहान ने बताया कि शुरुआती जांच में ही पुलिस को शक हो गया था कि कहानी सही नहीं है। घटनास्थल का निरीक्षण और एफएसएल टीम की जांच से पता चला कि यह कोई साधारण सड़क दुर्घटना नहीं है।
फोन रिकॉर्ड ने खोला राज
दुल्हन की रची गई कहानी में पुलिस को दो बड़े झोल नजर आए. सड़क हादसे में आशीष की मौत बताई गई थी, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में उसके शरीर पर बेरहमी से पिटाई के निशान थे और सबसे अहम बात उसका गला घोंटा गया था. जहां पति की जान चली गई, वहीं साथ मौजूद पत्नी अंजू को एक खरोंच तक नहीं आई थी. अंजू के मोबाइल रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि वह सादुलशहर निवासी अपने पुराने प्रेमी संजू के लगातार संपर्क में थी.
ये है षड्यंत्र की पूरी कहानी
पुलिस की जांच में सामने आया कि 23 साल की अंजू अपनी शादी से खुश नहीं थी। उसने अपने प्रेमी संजू के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। कुछ समय पहले अंजू अपने मायके सादुलशहर गई थी। वहीं उसने संजू और उसके दो साथियों (रॉकी और बादल) के साथ हत्या का प्लान बनाया। अंजू को पता था कि आशीष डिनर के बाद टहलने जाता है। उस रात को वह जानबूझकर उसे एक सुनसान सड़क पर ले गई।
झाड़ियों में छिपे संजू और उसके साथियों ने आशीष पर हमला कर दिया। पहले उसे पीटा गया, फिर गला घोंटकर मार डाला। लूट की कहानी गढ़ने के लिए अंजू ने अपनी बालियां और फोन खुद आरोपियों को सौंप दिए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पत्नी अंजू, उसके प्रेमी संजू, और सहयोगी रॉकी उर्फ रोहित व बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में अंजू लगातार बयान बदलती रही, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने उसकी एक नहीं चली और पुलिस ने उसे भी सहआरोपी बना लिया।
