
नई दिल्ली। इस साल दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है और न्यूनतम तापमान भी लगभग 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार गर्मी पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के दूसरे सप्ताह तक अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान में यह तेजी इस बात का संकेत दे रही है कि आने वाले महीनों में गर्मी सामान्य से ज्यादा पड़ सकती है।
अब रातें ठंडी नहीं होती
दिल्ली-एनसीआर में अब रात की ठंड भी लगभग खत्म होने लगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे साफ है कि रात का मौसम भी तेजी से गर्म हो रहा है। लगातार बढ़ते अधिकतम और न्यूनतम तापमान ने मौसम विशेषज्ञों की चिंताएं बढ़ा दी। पिछले मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें, तो इस बार सर्दी भी बहुत ज्यादा जोरदार नहीं रही। सितंबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई थी। लेकिन, दिन में ठंड का असर उतना ज्यादा नहीं दिखाई दिया। साल 2025 में दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय कड़ाके की सर्दी बहुत कम देखने को मिली।
रिकॉर्ड टूटने के आसार
इस बार सर्दी का असर सीमित समय तक ही रहा। 20 दिसंबर और 31 दिसंबर को कुछ समय के लिए शीतलहर जैसी स्थिति बनी, लेकिन उसके बाद ज्यादा कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी। फरवरी की शुरुआत से ही दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने लगी थी। फरवरी में तेज धूप, कोहरे का कम होना और शीतलहर का खत्म होना इस बात का संकेत था कि गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होना आने वाले महीनों के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।
मौसम का मिजाज अप्रैल, मई में बदलेगा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल गर्मी सामान्य से ज्यादा पड़ने की संभावना है। मार्च का महीना औसत से गर्म रहने का अनुमान है, जबकि अप्रैल और मई में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अप्रैल और मई में धूल भरी आंधी की संभावना, कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक मार्च में तापमान का तेजी से बढ़ना इस बात का संकेत है कि अप्रैल से जून तक दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ सकती है और कई पुराने तापमान रिकॉर्ड टूटने की संभावना बनी हुई है।
