
कानपुर। दो दिन पहले यहां की एक HDFC बैंक ब्रांच की रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह ने काम के दौरान ब्रांच में खुद को ‘ठाकुर’ बताते हुए भारी हंगामा किया था। उन्होंने ब्रांच की एक महिला कर्मचारी ऋतु त्रिपाठी के इस्तीफा देने के मामले में उसके परिवार वालों के साथ बदतमीजी की। आस्था सिंह ने खुद को ठाकुर बताते हुए भारी हंगामा किया।
ऋतु ने लोगों से सपोर्ट मांगा
अब ऋतु त्रिपाठी ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आस्था सिंह ने उनकी और उनके परिवार की इज्जत को ठेस पहुंचाई, उन्हें गालियां दी गईं। उन्होंने लोगों से उन्हें सपोर्ट करने की अपील की है। अब सोशल मीडिया पर अब दोनों पक्षों को लेकर बहस तेज हो गई। अपने बयान में ऋतु ने खुद को ‘कानपुर की बेटी’ बताते हुए कहा कि मायके से मैं त्रिपाठी हूं, ससुराल से मिश्रा हूं. मेरी इज्जत बचाएं, मुझे सपोर्ट करें। ऋतु ने आस्था पर बदतमीजी और परिवार की बेइज्जती का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि वे ब्राह्मण हैं और उन्हें अपनी जाति पर गर्व है। लेकिन, मामले को जातिवाद का रंग नहीं दिया जाना चाहिए।
आस्था सिंह ने पहले अपनी सफाई दी थी
वीडियो वायरल होने के बाद आस्था सिंह ने पहले मीडिया को दिए बयानों में सफाई दी थी कि वीडियो अधूरा है। यह जानबूझकर वायरल किया गया है। उनके मुताबिक, ऋषि मिश्रा ने पहले उनकी जाति पूछी, धमकी दी कि गर्मी निकाल दूंगा, हेकड़ी निकाल दूंगा और अभद्रता की, जिसके जवाब में उन्होंने ‘गुस्से मैं ठाकुर हूं’ कहा। आस्था ने इसे आत्मसम्मान की लड़ाई बताया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की।
दोनों पक्षों में बहस तेज हुई
एचडीएफसी की पनकी बैंक ब्रांच से शुरू हुई ये बहस अब सोशल मीडिया पर तेज हो चुकी है। दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। वहीं हैरानी इस बात की है कि अभी तक बैंक प्रबंधन ने इस मामले में कोई एक्शन या पहल नहीं की। जबकि, घटना 6 फरवरी की थी, उसके बाद आस्था सिंह का गालियां देते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
