
भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस बदलाव में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल से वन विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। उन्हें अब लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और भोपाल गैस त्रासदी विभाग की कमान सौंपी गई है। पर्यावरण विभाग उनके पास पूर्ववत रहेगा, साथ ही खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
संदीप यादव को वन विभाग सौंपा
वन विभाग की कमान अब प्रमुख सचिव संदीप यादव को सौंपी गई है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग का अतिरिक्त दायित्व भी मिला है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मोहन यादव ने आईएफएस मीट में वर्णवाल के वन विभाग के प्रति लगाव की सराहना की थी, जिसके बाद यह बदलाव चर्चा में है।
सरकार ने 2009 बैच के मनीष सिंह को दोबारा जनसंपर्क आयुक्त नियुक्त किया है। उनके पास परिवहन और जेल विभाग पहले की तरह रहेंगे। साथ ही राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
दीपक सक्सेना को आबकारी
अब तक जनसंपर्क संभाल रहे दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त ग्वालियर बनाया गया है। लंबे समय से आबकारी देख रहे अभिजीत अग्रवाल को मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ भोपाल का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।
अजय गुप्ता विद्युत वितरण कंपनी के एमडी
कृषि वर्ष 2026 से पहले कृषि विभाग में भी अहम बदलाव किए गए हैं। अजय गुप्ता को हटाकर जबलपुर विद्युत वितरण कंपनी का प्रबंध संचालक बनाया गया है। जबकि, उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है। अन्य जिलों में भी सीईओ और उप सचिव स्तर पर कई तबादले किए गए हैं।
