
इंदौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को इंदौर में केंद्र की मोदी सरकार पर अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित होगा और इससे किसान,मजदूर व घरेलू उद्योग सबसे अधिक प्रभावित होंगे। श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी दबाव में आकर जीरो प्रतिशत टैरिफ पर अमेरिकी उत्पादों के आयात का रास्ता खोल दिया, जिससे भारतीय बाजार धीरे-धीरे अमेरिकी कब्जे की ओर बढ़ रहा है।
महापौर पर मुकदमा दर्ज हो
भागीरथपुरा के दूषित जल कांड को लेकर यूथ कांग्रेस के जन-जागरण अभियान में शामिल होने इंदौर पहुंचीं सुप्रिया श्रीनेत ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज करने की भी मांग उठाई।
यह समझौता अमेरिकी हितों के लिए
जन-जागरण रैली के बाद प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा करते हुए श्रीनेत ने कहा कि सरकार अपराधियों को बचाने में जुटी है और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ट्रेड डील पर ‘बल्ले-बल्ले’ कर रही है। जबकि, इसका सीधा नुकसान किसानों, छोटे उद्योगों और मजदूरों को होगा। श्रीनेत ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि यह समझौता देश के नहीं,अमेरिका के हित में किया गया।