
नई दिल्ली। नए साल के मौके पर बीएसएनएल ने अपने यूजर्स के लिए नई सौगात पेश की है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने 1 जनवरी, 2026 से पूरे देश में अपनी वॉयस ओवर वाई-फाई (VoWiFi) सर्विस शुरू कर दी है। यह सर्विस उन जगहों पर लोगों के लिए बहुत उपयोगी होगी, जहां पर ठीक से मोबाइल नेटवर्क नहीं आते हैं।
VoWiFi सर्विस की मदद से बीएसएनएल के यूजर्स किसी भी वाई-फाई नेटवर्क का इस्तेमाल करके कॉल या मैसेज भेज और पा सकते हैं। यह सर्विस घरों, ऑफिस, बेसमेंट या दूर-दराज के इलाकों में भी बिना रुकावट के बातचीत का बेहतर बनाने के लिए है।
इसे फोन में ऑन करने का तरीका
संचार मंत्रालय ने बताया कि यह सर्विस देश के हर टेलीकॉम सर्कल में सभी बीएसएनएल ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। मंत्रालय का कहना है कि VoWiFi मुश्किल जगहों पर भी बिना रुकावट और अच्छी क्वालिटी की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करता है। VoWiFi, इंटरनेट प्रोटोकॉल मल्टीमीडिया सबसिस्टम (आईएमएस) प्लेटफॉर्म पर काम करती है। यह वाई-फाई और मोबाइल नेटवर्क के बीच आसानी से स्विच करने में मदद करती है। इस सर्विस का इस्तेमाल करते समय भी यूजर्स अपने मौजूदा मोबाइल नंबर और फोन के डायलर ऐप से ही कॉल कर सकेंगे। इसके लिए किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ग्रामीण, कम सुविधाओं वाले इलाकों के लिए उपयोगी
मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह सेवा खासकर ग्रामीण और कम सुविधाओं वाले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है। बस उनके पास एक अच्छा वाई-फाई कनेक्शन होना चाहिए। इससे नेटवर्क पर भी भीड़ कम होगी। क्योंकि, वॉयस कॉल वाई-फाई पर की जा सकेंगी और इसके लिए कोई अतिरिक्त चार्ज भी नहीं लगेगा।