
फिरोजाबाद। शादी वाले दिन दुल्हन नकदी और जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। जब घरवालों को इस बात की जानकारी लगी, तो उनके होश उड़ गए। घरवालों को परेशान देखकर दुल्हन की छोटी बहन ने उसकी दूल्हे से शादी करने का फैसला लिया। यहां के शिकोहाबाद में जिस घर में शादी के माहौल में शहनाइयों की गूंज थी, वहां दुल्हन के एक कदम ने परिजनों के होश उड़ा दिए।
छोटी बहन ने फेरे लेकर अपने पिता की इज्जत बचाई। बेटी के इस समर्पण को देख पूरा परिवार रो पड़ा। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति कपड़ों का कारोबार करता है। उसने अपनी बड़ी बेटी का विवाह वर्ष 2016 में मथुरा के गांव सोनई में किया था। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन दुल्हन के प्रेम प्रसंग के चलते उसके रिश्ते में दरार पड़ गई, रिश्ता टूट गया।
फिर हाथरस में तय हुई शादी
इसके बाद परिजनों ने अपनी बड़ी बेटी का विवाह गत 13 फरवरी को हाथरस में तय किया। शादी भी हाथरस में ही होनी थी। घर में हल्दी और मेहंदी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। जब हाथरस जाने के लिए घर वाले तैयार हुए, तभी सुबह साढ़े 8 बजे करीब दुल्हन घर से 1 लाख रुपये की नकदी एवं शादी के आभूषण लेकर अपने प्रेमी प्रशांत यादव के साथ भाग गई। शिकोहाबाद पुलिस ने आरोपी युवक एवं युवती की तलाश शुरू कर दी है।
छोटी बहन का बड़ा फैसला
दुल्हन के अपने प्रेमी संग जाने की खबर परिवार और रिश्तेदारों को हुई तो घर में सन्नाटा पसर गया। जिस घर में शहनाई की गूंज थी, वहां मातम जैसा माहौल हो गया। अपने पिता की इज्जत बचाने के लिए कपड़ा कारोबारी की छोटी बेटी ने बड़ी बहन की जगह हाथरस जाकर उसी मंडप में बड़ी बहन की जगह सात फेरे लिए। क्षेत्र में हुई यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक ओर बड़ी बेटी के इस कदम से परिवार खुद को शर्मशार महसूस कर रहा है वहीं छोटी बेटी के कदम की हर कोई सराहना कर रहा है।