

इंदौर। राजधानी दिल्ली के ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को प्रदेश के कई शहरों के साथ इंदौर में भी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस कार्यालयों का घेराव करने की कोशिश की। लेकिन, यह प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पंढरीनाथ पुलिस ने बीजेपी युवा मोर्चा की ओर से आवेश राठौर की शिकायत पर केस दर्ज हुआ। इसमें जिला अध्यक्ष विपिन वानखेडे के साथ ही अध्यक्ष चिंटू चौकसे, दौलत पटेल, सादिक खान, विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी, निखिल वर्मा, महक नागर, दानिश खान,, शैलू सेन, संजय बाकलीवाल, अमन बजाज, आकाश सहित 22 लोगों पर केस दर्ज किया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ता जब गांधी भवन की ओर बढ़े तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच पत्थर, बोतलें, टमाटर और संतरे फेंके गए। बड़ी देर तक दोनों तरफ से पत्थर, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गई।
ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर घायल
एसआई आरएस बघेल के सीने में पत्थर लगने से वे घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता समेत कई लोग चोटिल हुए। दो पत्रकारों को भी चोट आई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बैरिकेडिंग के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे भीड़ तितर-बितर हुई। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्ष आमने-सामने रहे।
बैरिकेडिंग के बावजूद भड़की पत्थरबाजी
संभावित टकराव को देखते हुए पुलिस ने गांधी भवन के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया और दोनों ओर बैरिकेड लगा दिए। लेकिन जैसे ही भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़े, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी। विजयवर्गीय के खिलाफ नारे लगे और अचानक दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। बैरिकेड के कारण दोनों पक्षों में दूरी बनी रही, फिर भी पत्थर और बोतलें एक-दूसरे पर फेंकी जाती रहीं।
वॉटर कैनन भी बेअसर, थाने का घेराव
स्थिति को काबू में करने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन ‘वज्र’ तैनात किया गया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का उपयोग किया गया, लेकिन पानी का दबाव कम होने से यह प्रभावी नहीं रहा। घटना के बाद आसपास के बाजारों में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों ने एहतियातन दुकानें बंद कर दीं।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता पंढरीनाथ थाने पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा विधायक रमेश मेंदोला और गोलू शुक्ला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पंढरीनाथ थाने पहुंचे।
