
इंदौर। प्रशासन ने बिचौली हप्सी के ग्राम कैलोद करताल में अवैध रूप से संचालित ओमकार केक एवं बकरी पकड़ी। एसडीएम अजय भूषण शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। मौके पर नरेश कुमार गोपलानी पाए गए, जो की प्रतिष्ठान का संचालन कर रहे थे। प्रतिष्ठान में विभिन्न बेकरी उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था।
प्रतिष्ठान संचालक द्वारा खाद्य पदार्थ निर्माण का कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। परिसर में अत्यंत गंदगी पाई गई। अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं भंडारण किया जाना पाया गया। परिसर में निर्माण किए जा रहे हैं खाद्य पदार्थ केक, बिस्किट, पेस्ट्री तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले मूंगफली दाना, मैदा, शक्कर एवं तिल्ली के नमूने जांच के लिए गए हैं।
नमूना कार्रवाई उपरांत केक, बिस्किट को जब्त किया गया तथा ख़राब होने वाले खाद्य पदार्थो का विनष्टिकरण प्रतिष्ठान संचालक के हस्ते सहमति से करवाया गया। परिसर का वैध लाइसेंस नहीं होने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार तुरंत प्रभाव से बंद कराया गया।
मांगलिया में नमूना कार्यवाही
अनुविभागीय अधिकारी सांवेर घनश्याम धनगर द्वारा गठित दल में तहसीलदार राजेश सोनी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी के दल द्वारा मांगलिया स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया l दल द्वारा महाकाल रेस्टोरेंट से मावा कतली एवं कलाकंद के सैंपल लिए। इसके अतिरिक्त दल द्वारा एक अन्य संस्थान सांई स्वीट एंड एवर फ्रेश मांगलिया से मीठा मावा, मिल्क केक एवं छेना रसगुल्ला के नमूने जाँच हेतू लिए गए। दोनों संस्थानों पर साफ सफाई रखने के निर्देश दिए गए।
चिक्की का नमूना लिया गया
टीम ने छत्रीबाग स्थित मुरैना की शाही गजक से दाना पट्टी का नमूना लिया। कार्यवाही के अतिरिक्त उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी किया जा रहा त्वरित निराकरण किया जा रहा है। 311 ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर दिल्ली दरबार रेस्टोरेंट, मनोरमागंज, इंदौर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी विक्रेता मोहम्मद रिज़वान के समक्ष तैयार चिकन बिरयानी एवं हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए।
प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए तथा परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र एवं कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किए। हेल्पलाइन नंबर 0731-181 पर प्राप्त पहली शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता सुरेश डाबोर को मौके पर बुलाया गया। शिकायतकर्ता ने जांच के लिए लाए गए मसालों की प्राथमिक जांच एमएफटीएल द्वारा की गई, जिस पर शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।