
इंदौर। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के क्रय-विक्रय, भंडारण, परिवहन एवं उपयोग करने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत बुधवार को सांवेर क्षेत्र में दो स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोलसिंदा (तहसील सांवेर) में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर भंडारण की सूचना मिलने पर एसडीएम सांवेर घनश्याम धनगर के मार्गदर्शन में तहसीलदार पूनम तोमर ने पुलिस बल के साथ जांच की। जांच के दौरान भूमि सर्वे नंबर 330/2/1 स्थित रियाजुलहसन के खेत में बने टीन शेड में घरेलू उपयोग के 22 एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। जांच में सामने आया कि यह सिलेंडर जय श्री महाकाल गैस चुल्हा सेल्स एंड सर्विस के प्रोप्रायटर विनोद जायसवाल द्वारा रखे गए थे, जिनके पास भंडारण की कोई वैध अनुमति नहीं थी।
इसके अलावा ग्राम सोलसिंदा स्थित उक्त दुकान का औचक निरीक्षण भी किया गया, जहां 27 घरेलू एवं 3 व्यावसायिक गैस सिलेंडर खाली अवस्था में पाए गए। अनुमति प्रस्तुत न किए जाने पर सभी सिलेंडरों को जब्त कर इंडेन एवं एचपी गैस एजेंसी मां तुलजा गैस एजेंसी, धरमपुरी के सुपुर्द किया गया।
