
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देश पर जिला प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हातोद क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। एडीएम रोशन राय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में राहुल अग्रवाल के नाम से चल रही फैक्ट्री से करीब 100 किलो बारूद, बम बनाने की सामग्री और दो लोडिंग ऑटो जब्त किए गए।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री से बम तैयार किए जा रहे थे। यह गतिविधि न केवल कानून का खुला उल्लंघन है, बल्कि क्षेत्र की सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई थी। छापे के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के बाद आरोपी राहुल अग्रवाल को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। एडीएम रोशन राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा तैयार किए गए बम विभिन्न लोगों को सप्लाई किए जाते थे। अब यह पता लगाया जा रहा है कि ये विस्फोटक किसे और किन उद्देश्यों के लिए सप्लाई किए गए।
प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध फैक्ट्रियों और खतरनाक गतिविधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
