
इंदौर। शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान शिलांग में हुई बेरहमी से हत्या अब पूरी तरह सुलझ गई है। मेघालय पुलिस ने इस हत्याकांड में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। चार्जशीट में सोनम का कबूलनामा, आरोपियों के मोबाइल फोन, हत्या के वक्त पहने कपड़े, लॉज का सीसीटीवी फुटेज, टैक्सी ड्राइवर के बयान और ट्रॉली बैग का सीसीटीवी फुटेज शामिल किए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह हत्या कोई अचानक हुआ हादसा नहीं, बल्कि महीनों पहले रची सुनियोजित साजिश थी, जिसकी मास्टरमाइंड खुद राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी निकली। चार्जशीट के अनुसार, राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने शिलांग गया था। 23 मई को शिलांग के पास वाइसाडोंग सेल्फी पॉइंट पर सोनम ने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर राजा की हत्या करवा दी। हत्या को अंजाम देने के लिए राज ने विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश सिंह राजपूत को पहले ही शिलांग भेज दिया था। उधर, सेशन कोर्ट ने सोनम की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद शुक्रवार को जमानत निरस्त कर दी।
यहीं काम खत्म करो
पुलिस का दावा है कि सेल्फी पॉइंट पर पहुंचते ही सोनम ने विशाल को इशारा करते हुए कहा था ‘यहीं काम खत्म करो, इसके बाद मौका नहीं मिलेगा।’ विशाल और आनंद ने स्कूटी की डिक्की से डाउ (तेजधार हथियार) निकालकर राजा पर हमला किया। सिर पर वार से राजा वहीं ढेर हो गया। इसके बाद शव को सेल्फी पॉइंट की ग्रिल के नीचे गहरी खाई में फेंक दिया गया। जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश हनीमून पर नहीं, बल्कि शादी के बाद इंदौर में ही रच ली गई थी। हनीमून पर जाने से ठीक पहले सोनम ने अपने कपड़े और निजी सामान से भरा काला ट्रॉली बैग राज को सौंप दिया था। यह इस बात का सबूत है कि सोनम को भरोसा था कि वह इस यात्रा से अकेली लौटेगी।
बुर्का पहनकर इंदौर पहुंची
हत्या के बाद सोनम ने अपनी पहचान छिपाने बुर्का पहनकर सड़क और ट्रेन के जरिए गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, बिहार के आरा और लखनऊ होते हुए इंदौर पहुंची। इंदौर में वह सीधे राज कुशवाह के घर चार दिन रुकी। इसके बाद सोनम और राज देवास नाके स्थित अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में साथ रहने लगे। फ्लैट का किराया 60 हजार रुपए राज ने दिया था। पुलिस को फ्लैट में दोनों की मौजूदगी के सीसीटीवी फुटेज और ऑनलाइन पेमेंट के सबूत भी मिले।
फिल्मी अंदाज में फरारी
गिरफ्तारी से पहले सोनम और राज ने एक नई योजना बनाई। सोनम को इंदौर से सिलीगुड़ी भेजने की तैयारी थी, जहां वह अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने वाली थी। 8 जून की सुबह 3 बजे सोनम बुर्का पहनकर कार से निकली, लेकिन रास्ते में ही साथियों की गिरफ्तारी की सूचना मिल गई। इसके बाद गाजीपुर हाईवे पर ढाबे से सोनम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश सिंह राजपूत के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। सभी की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और मामले में ट्रायल शुरू हो गया है।