
इस्लामाबाद। इन दिनों पाकिस्तान की सियासत में भारी उठापटक के हालात हैं। आसिम मुनीर को चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस नियुक्त किया गया। इसके बाद आडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तानी सेना ने आधिकारिक रूप से मेंटली अनफिट यानी सीधे शब्दों में कहें तो पागल घोषित कर दिया।
पाकिस्तान की सेना ने आडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पागल घोषित कर दिया। सेना के प्रवक्ता ने बकायदा इसे लेकर एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि इमरान अब मानसिक रोगी हो चुके हैं और वे गद्दारों की भाषा बोल रहे हैं।
सेना ने आरोप लगाया कि इमरान खान जेल से आम नागरिकों को सेना के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और सेना के इस कदम के बाद देश की राजनीति में नया भूचाल आ गया। अब यह सवाल पूछा जा रहा है कि इमरान के खिलाफ आगे क्या होगा और उनके समर्थकों पर इसका क्या असर पड़ेगा?
इमरान से मुलाकात पर रोक का अंदेशा
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने कहा कि इमरान खान से किसी को मिलने नहीं दिया जाएगा। इसका मतलब यह कि वकील, परिवार, पार्टी नेता, सबकी एंट्री बंद हो जाएगी। इससे इमरान की गतिविधियों की सूचना बाहर जाना लगभग नामुमकिन होगा। जेल के अंदर क्या स्थिति है, किसी को जानकारी नहीं मिलेगी। यह फैसला इमरान की राजनीतिक गतिविधियों को पूरी तरह आइसोलेट करने की कोशिश माना जा रहा है।
अब इमरान के समर्थक जुट नहीं सकेंगे
पाकिस्तानी सरकार और सेना की रणनीति का यह दूसरा बड़ा कदम है। इमरान खान को लेकर देशभर में कोई बड़ा प्रदर्शन न होने देना। खासकर उनकी पार्टी ‘पीटीआई’ समर्थकों को दबाने और किसी भी प्रकार की रैली या विरोध को रोकने के लिए, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, शहरों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ेगी, नेताओं को नजरबंद या गिरफ्तार किया जा सकता है। सरकार का मकसद है कि 9 मई जैसे किसी भी हिंसक प्रदर्शन की पुनरावृत्ति न हो।