
इंदौर। कराची की महिला निकिता ने शुक्रवार एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। निकिता का कहना है कि उसका पति विक्रम पाकिस्तानी नागरिक होने के बावजूद बिना इजाजत इंदौर में रह रहा है और वहीं दूसरी शादी करने वाला है। इस पाकिस्तानी महिला निकिता नागदेव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में महिला ने प्रधानमंत्री से न्याय की अपील की। कहा कि उसके पति ने उसे धोखा दिया और अब भारत में दूसरी शादी कर रहा है। महिला ने इस वीडियो में पति को वापस पाकिस्तान भेजने की मांग भी की, ताकि उसे न्याय मिले। निकिता का पति पाकिस्तानी होने के बावजूद बिना अनुमति के इंदौर में रह रहा है।
अपील करने वाली निकिता नागदेव मूलतः पाकिस्तान की रहने वाली है। उसका कहना है कि विक्रम और मेरी शादी 26 जनवरी 2020 को पाकिस्तान में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। शादी के एक महीने बाद, 26 फरवरी 2020 को विक्रम अपने साथ निकिता को भारत ले गया। यहां पहुंचते पर निकिता को पता चला कि विक्रम का उसके रिश्तेदार शिवांगी धींगरा के साथ अफेयर चल रहा है। जब निकिता ने इसकी शिकायत अपने ससुर से की, तो उन्होंने टालते हुए कहा कि लड़के तो अफेयर करते ही हैं।
निकिता को जबरन पाकिस्तान भेजा
वीडियो में महिला ने बताया कि वीजा में तकनीकी खामी की वजह से 9 जुलाई 2020 को विक्रम ने उसे वापस कराची भेज दिया। इसके बाद विक्रम ने उसे भारत लाने की कोई कोशिश नहीं की। जबकि, निकिता ने उससे बार-बार अनुरोध किया। कोविड के दौरान विक्रम ने उसे जबरन पाकिस्तान भेजा और वापसी का कोई इंतजाम नहीं किया।
जब निकिता के पिता ने शिवांगी के पिता से बात की, तो उन्होंने भी कहा कि यहां लड़कियां भी अफेयर करती हैं, इन्हें कैसे रोका जाए। निकिता ने शिवांगी से गुजारिश की, कि वह किसी और से शादी कर ले। क्योंकि, वह अविवाहित थी। लेकिन इसके बावजूद शिवांगी और विक्रम ने भारत में सगाई कर ली और वे मार्च 2026 में शादी करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री से न्याय की अपील की
15 जनवरी 2025 को निकिता ने पाकिस्तान से ही व्हाट्सएप के जरिए इंदौर की सिंधी पंचायत मीडिएशन एंड लीगल कंसल्टेशन सेंटर में विक्रम के खिलाफ शिकायत की थी। पंचायत ने उसे इंदौर आकर व्यक्तिगत रूप से शिकायत दर्ज करने को कहा, लेकिन निकिता ने इनकार कर दिया। उसने मांग की कि सुनवाई पाकिस्तान से ही हो। पंचायत ने कलेक्टर को पत्र लिखकर विक्रम को डिपोर्ट करने की सिफारिश की, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद शुक्रवार को निकिता ने कराची से वीडियो जारी किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी से न्याय की गुहार लगाई गई। वीडियो में वे कहती है ‘मुझे मेरे हक की लड़ाई लड़ने का मौका दीजिए। अगर सरकार न्याय नहीं देगी, तो मैं कोर्ट का रुख करूंगी।’ निकिता का आरोप है कि विक्रम पाकिस्तानी नागरिक होने के बावजूद बिना सरकारी इजाजत के इंदौर में मकान खरीद चुका है और वहीं रह भी रहा है। सिंधी पंचायत के चेयरमैन किशोर कोडवानी ने बताया कि विक्रम का भारत में अवैध रूप से रहना और कारोबार करना गैरकानूनी है। पंचायत ने कलेक्टर को पत्र भेजा था। लेकिन, कोई जवाब नहीं आया।
