
नई दिल्ली। तीन दिन में इंडिगो एयरलाइन का संकट चरम पर पहुंच गया। आज अभी तक 700 से ज्यादा इंडिगो फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी एक्शन में आए। उन्होंने इस बारे में नागरिक उड्डयन मंत्री रामगोपाल नायडू से बात करके हालात की जानकारी ली। जबकि, विमानन मंत्री ने इंडिगाे, डीजीसीए और एएआई के साथ समीक्षा बैठक भी की। इसमें इंडिगो की तरफ़ से की गई कोशिशों पर उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की।
इस बीच, डीजीसीए भी इंडिगो संकट के कारण एक्शन में आया और सबसे पहले पायलट एसोसिएशन से सहायता की गुहार के लिए पत्र भी लिखा। डीजीसीए ने इसके बाद ‘वीकली रेस्ट’ से संबंधित अपने नियम को वापस ले लिया। इसके अलावा इंडिगो को नाइट लैंडिंग से भी छूट दी गई।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उड़ानों में देरी और उनके कैंसिल होने की वजह से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। दिल्ली में करीब 300 फ्लाइट्स के कैंसिल होने के बाद इंडिगो ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट से आज रात 12 बजे तक शेड्यूल सभी फ्लाइ्स को कैंसिल करने का फैसला किया है। साथ ही, इंडिगो ने मुंबई एयरपोर्ट पर भी शाम 6 बजे तक की सभी फ्लाइ्स को कैंसिल कर दिया।
देशभर में पिछले दो दिनों में इंडिगो की 1500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुई। इस वजह से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे कई प्रमुख एयरपोर्ट पर हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए। समय पर जानकारी न मिलने से पैसेंजर्स अपनी फ्लाइट के लिए तड़के ही एयरपोर्ट पहुंच गए। इनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे। लेकिन उन्हें एयरलाइन की ओर से कोई सही जानकारी नहीं मिल रही।