
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो तीन दिन से क्रू की कमी से जूझ रही है। इससे इंडिगो के ऑपरेशन पर बुरा असर पड़ा है। यह स्थिति एविशन सेक्टर के नए सुरक्षा नियमों की वजह से आई। आज गुरुवार को बंगलुरू, दिल्ली और मुंबई समेत 10 से ज्यादा एयरपोर्ट पर इंडिगो की 300 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुई।
आज इतनी फ्लाइट्स कैंसिल
दिल्ली एयरपोर्ट पर आज इंडिगो की 95 उड़ानें रद्द हुई। इनमें 48 दिल्ली से जाने और 47 आने वाली घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स थीं। मुंबई में 86, बेंगलुरु में 50, हैदराबाद में 70, जयपुर में 4 और इंदौर में 3 उड़ानें रद्द हुई। पैसेंजर्स को एयरलाइन की तरफ से फ्लाइट कैंसिलेशन का कोई मैसेज भी नहीं आ रहा।

सुरक्षा नियमों में बदलाव के कारण समस्या
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने सभी एयरलाइंस के लिए 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े सुरक्षा नियमों में बदलाव किए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर इंडिगो एयरलाइन पर पड़ा है। गुरुवार को इंडिगो के अधिकारी इस मामले पर डीजीसीए से मुलाकात करने पहुंचे।
सबसे ज्यादा प्लेन इंडिगो के पास
इंडिगो एयरलाइन दिन भर में लगभग 2,300 उड़ानें संचालित करती है। यह संख्या एअर इंडिया की उड़ानों की लगभग दोगुनी है। इतने बड़े पैमाने पर यदि 10–20 प्रतिशत उड़ानें भी देर से चलें या रद्द हों, तो इसका मतलब होता है 200 से 400 उड़ानें प्रभावित होना और हजारों यात्रियों के लिए मुश्किल खड़ी होना। बुधवार को भी इंडिगो की 200 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा था। एक पैसेंजर ने बताया कि फ्लाइट के लिए 8 घंटे से ज्यादा का इंतजार करना पड़ रहा है।