
इंदौर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक के साथ कार पार्किंग न होना भी बड़ी समस्या बन चुकी है। लोग घर से बाहर निकलने से पहले पार्किंग मिलेगी या नहीं, इस बारे में विचार करते हैं। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों की वजह से सड़क पर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। पुलिस भी चालानी कार्रवाई करती नजर आती है। लेकिन, जल्द ही इस समस्या का समाधान 8 स्टोरी मल्टी लेवल कार पार्किंग के रूप में मिलने वाला है। यह पार्किंग आनंद बाजार रोड पर अप्रैल 2026 से शुरू होने वाला है।
यह पार्किंग हाइड्रोलिक सिस्टम पर आधारित
यह एक आधुनिक 8 मंजिला मल्टी लेवल कार पार्किंग स्ट्रक्चर है, जो हाइड्रोलिक सिस्टम पर आधारित है। इस पार्किंग में एक साथ लगभग 150 कारें और लगभग इतने ही दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इसकी खासियत यह है कि यह पूरी तरह से सीसीटीवी से लैस है और यहां ऑटोमेटेड एंट्री और एग्जिट सिस्टम होगा। इसका मतलब है कि आप पैसे देकर सीधे अपनी गाड़ी पार्क करके जा सकते हैं और आकर ले सकते हैं। इसे बिल्ड ऑपरेट एंड ट्रांसफर (बीओटी) आधार पर बनाया जा रहा है. इसे एजेंसी बना रही है। वह कुछ सालों तक इसका ऑपरेशन चलाएगी, उसके बाद निगम को हस्तांतरित कर देगी।
2025 में शुरू हुआ था पार्किंग निर्माण
ग्रेटर कैलाश के ठीक सामने और उसके आसपास की जमीन पर बन रही इस मल्टी लेवल कार पार्किंग को बनाने का काम 2025 में शुरू हुआ था। हालांकि, यह काफी धीमी गति से चल रहा है। लेकिन, हाल ही में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यहां का दौरा किया, जिसके बाद उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इसी साल अप्रैल से यह पार्किंग शुरू हो जाएगी। पार्किंग शुरू होने के बाद मुख्य सड़क पर किनारे खड़ी होने वाली गाड़ियों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इसे फुटपाथ पर चलने वालों के लिए फ्री किया जाएगा।
अन्य मार्गों पर भी पार्किंग योजना
इंदौर नगर निगम की योजना है कि इसी तरह की कई पार्किंग राजवाड़ा, विजयनगर, भंवरकुआं जैसे मार्गों पर भी बनाई जाए, ताकि सड़क पर खड़ी गाड़ियों की वजह से जाम की स्थिति न बने। पूरी तरह से पार्किंग तैयार होने के बाद लोगों को पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। ऐसे न केवल सड़क पर जाम से छुटकारा मिलेगा, बल्कि लोगों को आसानी से पार्किंग की सुविधा भी मिल पाएगी।