
इंदौर। नए साल में नशे के खिलाफ इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने करीब आधा किलो प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी बाइक से ड्रग्स की सप्लाई देने आ रहे थे। लेकिन, पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना विफल हो गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि राजस्थान के प्रतापगढ़ की ओर से तीन युवक बाइक से इंदौर की तरफ आ रहे हैं, जिनके पास भारी मात्रा में अवैध एमडी ड्रग्स है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी की योजना बनाई। सिद्धेश्वर जालंधरनाथ मंदिर के पास संदिग्ध बाइक नजर आते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक सहित भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें धरदबोचा गया। इस दौरान तीनों आरोपी गिर भी पड़े।
बाइक की तलाशी लेने पर पुलिस ने 513 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम निखिल निदवानिया, मुकेश धनगर और कमलेश गायरी बताए। निखिल और मुकेश मंदसौर जिले के निवासी हैं, जबकि कमलेश प्रतापगढ़, राजस्थान का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी दिहाड़ी मजदूरी, रिपेयरिंग जैसे छोटे-मोटे काम करते हैं और 10वीं-12वीं तक ही पढ़े-लिखे हैं। आरोपी निखिल निदवानिया पर मंदसौर जिले में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अपराध दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच अब ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
