
दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवलारी की पुलिया पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। ब्रेक फेल होने से गिट्टी से भरा एक डंपर करीब 25 फीट नीचे पुलिया से जा गिरा, जिसमें सवार कांग्रेस नेता व ठेकेदार सहित तीन युवकों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही हटा और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार डंपर बक्सवाहा से बटियागढ़ की ओर गिट्टी लेकर जा रहा था। जैसे ही वाहन गेवलारी की पुलिया पर पहुंचा, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे में रनेह बंधा निवासी ठेकेदार नितेंद्र भल्ले यादव और मगरौन निवासी धर्मेंद्र लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हटा के संजय वार्ड निवासी कांग्रेस नेता शहजाद हुसैन को दमोह से जबलपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही परिजनों और परिचितों में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह हटा सिविल अस्पताल में शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। शहजाद हुसैन के निधन से हटा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डंपर में चार लोगों के सवार होने की आशंका जताई थी, जिसके चलते पुलिस ने रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा, जबकि बुधवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि जांच में कुल तीन लोगों की ही मौत की पुष्टि हुई है और चौथे व्यक्ति के सवार होने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। यह दर्दनाक हादसा भारी वाहनों की तकनीकी जांच और सड़क सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक पल में उजड़े परिवारों का दर्द पूरे क्षेत्र को झकझोर गया।
