
इंदौर। मुस्लिम युवक मोहम्मद मंसूर एक हिंदू युवती को युवती को पढ़ाई और नौकरी का झांसा देकर मुंबई ले जा कर बेचना चाहता था। मंसूर का पिता वहाब मंसूर भी इस युवती के फर्जी दस्तावेज बनाने की कोशिश में लगा था। पश्चिम बंगाल के निवासी मोहम्मद मंसूर की मां मुंबई में बार डांसर है। इसलिए शंका है कि बाप-बेटे दोनों युवती को डांसर बनाने की कोशिश में लगे थे।
पुलिस के डीसीपी जोन-1 राजेश व्यास के मुताबिक बाणगंगा निवासी 20 साल की पीड़िता ई-कॉमर्स कंपनी में ऑनलाइन नौकरी करती थी। उसकी कंपनी के सीनियर मैनेजर मोहम्मद मंसूर से बातचीत होती रहती थी। मैनेजर ने 28 नवंबर को बातचीत के बहाने उसे बुलाया और दिल्ली ले गया।
उसे बड़ी कंपनी में नौकरी और आगे पढ़ाई का झांसा दिया। उसने होटल में उसके साथ जबरदस्ती भी की और धमकाया भी। इसके बाद में उसने अपने भाई शाहनवाज को भी बुलाया। दूसरे दिन सिलीगुड़ी में रहने वाले वहाब ने कॉल कर कहा कि दिल्ली सुरक्षित नहीं है। तुम सिलीगुड़ी आ जाओ। नाम बदलकर शादी करवा दूंगा, तभी इंदौर पुलिस पहुंच गई और मोहम्मद मंसूर को गिरफ्तार कर लिया।
टीआई सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार पूछताछ में पता चला मोहम्मद मंसूर की मां मुंबई में बार डांसर है। शक है आरोपित युवती को मुंबई ले जाने की फिराक में थे। लेकिन, उनके मंसूबे पूरे नहीं हो सके। डीसीपी का कहना है कि युवक से पूछताछ में किसी बड़े मानव तस्करी गिरोह के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। फिलहाल किशोरी को सुरक्षित रखा गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने क्षेत्र में मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर सख्त निगरानी रखने की बात कही है।