
इंदौर। जिला कोषालय इंदौर ने जीपीएफ गुमशुदा कटौत्रों एवं सामान्य भविष्य निधि जागरुकता से संबंधित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश के अनुसार यह कैंप 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक कलेक्टर कार्यालय इंदौर के कक्ष क्रमांक 112 में आयोजित होगा।

महालेखाकार लेखा एवं हकदारी, ग्वालियर द्वारा जारी पत्र के अनुसरण में जिला कोषालय ने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों के सभी संबंधित कर्मचारियों के जीपीएफ गुमशुदा कटौती एवं अन्य लंबित प्रकरणों के दस्तावेज पूर्ण कर स्वयं कैंप में उपस्थित हों। कैंप का उद्देश्य वर्षों से लंबित प्रकरणों का स्थल पर ही निराकरण सुनिश्चित करना है,जिससे कर्मचारियों को समय पर लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कैंप की अवधि में कक्ष क्रमांक 112 में इंटरनेट एवं स्वान कनेक्शन उपलब्ध रहे। नजारत शाखा को बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महालेखाकार कार्यालय ग्वालियर, संचालक कोष एवं लेखा भोपाल, आयुक्त (राजस्व) इंदौर संभाग सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना भेज दी गई है। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से कर्मचारियों के जीपीएफ संबंधी मामलों के समाधान में तेजी आएगी।