


मुंबई । कांटा लगा गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अचानक उनकी मौत की खबर से फैंस सन्न रह गए हैं। वो महज 42 साल की थीं।
मशहूर एक्ट्रेस को बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल से बाहर मृत अवस्था में लाया गया था। बता दें कि शेफाली जरीवाला की मौत का कारण अभी तक नहीं पता चल पाया है।
स्टाफ की मानें तो अस्पताल में आने से पहले शेफाली अपना दम तोड़ चुकीं थीं। बताया जा रहा है कि अचानक शेफाली की तबीयत बिगड़ी थी और उनके पति ही उनको लेकर अस्पताल आए थे।
हालांकि ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। अब शेफाली जरीवाला इस दुनिया में नहीं है।
अस्पताल के डॉ. सुशांत ने शेफाली की निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि “हम शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज रहे हैं।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही निधन का वास्तविक कारण सामने आएगा।
शेफाली ने तीन दिन पहले ही अपने इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर 6 तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था – ब्लिंग इट ऑन बेबी।
बता दें कि शेफाली जरी वाला काफी मशहूर थीं और लाखों की तादात में लोग उनको फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 3.3 मिलियन फॉलोअर्स थे। शेफाली अपनी बोल्ड पर्सनालिटी के लिए जानी जाती थीं।
सन 2002 में शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत रीमिक्स वीडियो ‘कांटा लगा’ गाने से की थी और जबरजस्त सुर्खियों में आ गई थी। हालांकि ये गाना काफी विवादों में भी रहा था। इसके अलावा उन्होंने कई टीवी सीरियल और फिल्मी प्रोजेक्ट्स में अच्छा काम किया था। उन्होंने सलमान खान की मुझसे शादी करोगी और नच बलिए में बेहतर परफॉर्मेंस दी थी।
बता दें कि इसके बाद किसी ने शेफाली की मौत की खबर भी फैला दी थी। कई सालों तक गायब रहने के बाद शेफाली जरीवाला ने बिग बॉस 13 से वापसी की थी और वह काफी शानदार लग रहीं थीं। इसके बाद शेफाली जरीवाला ने अभिनेता पारस त्यागी से सन 2015 में विवाह किया था और दोनों काफी खुश रह रहे थे।
सोशल मीडिया पर अक्सर उनकी तस्वीरें सामने आती रहती थीं। उनके पति पारस त्यागी भी इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं। जोधा-अकबर और पवित्र रिश्ता उनकी मशहूर फिल्मों में से हैं।
मरहूम शेफाली जरीवाला के फैंस उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।