
इंदौर। केंद्र सरकार द्वारा फ्लाइट पायलट और क्रू मेंबर्स के कार्य समय (एफडीएलटी) को लेकर लिए गए नए सख्त फैसलों का असर अब इंदौर के देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गुरुवार को इंडिगो एयरलाइन की आठ से अधिक उड़ानें या तो रद्द कर दी गई या उनका समय बदलना पड़ा।
अचानक हुए इस बदलाव के कारण यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई और कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। यात्रियों की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि उन्हें फ्लाइट की स्थिति और नई टाइमिंग की सही जानकारी समय पर प्राप्त नहीं हो रही थी।
ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के एमपी चेयरमैन अमोल कटारिया के अनुसार, इंदौर से रोजाना लगभग 250 से 400 यात्री अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए विभिन्न उड़ानों का उपयोग करते हैं। फ्लाइट्स के कैंसिल होने और अत्यधिक देरी से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कनेक्टिंग उड़ानें और आगे की यात्रा योजनाएं पूरी तरह बिगड़ रही हैं।
एयरलाइन कंपनी को नए एफडीएलटी नियमों के पालन हेतु उपलब्ध क्रू की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर उड़ानों के संचालन पर पड़ रहा है। यह स्थिति केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य एयरपोर्ट्स पर भी देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों ने एयरलाइन प्रबंधन से मांग की है कि संकट से निपटने के लिए तत्काल उपाय किए जाएं और यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि एयरपोर्ट पर व्यवस्था बनी रहे।
