
इंदौर। नेशनल लोक अदालत के तहत नगर निगम के संपत्तिकर एवं जलकर पर सरचार्ज में 100% तक की छूट दी गई। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने निगम के विभिन्न जोनल कार्यालयों एवं कैश काउंटरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी करदाता बिना कर भुगतान किए कैश काउंटर से वापस न लौटे और सभी को सहज व सुगम सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निगम आयुक्त यादव ने जोन क्रमांक 11 (नेहरू स्टेडियम), जोन क्रमांक 3 एवं जोन क्रमांक 20 के कैश काउंटरों का निरीक्षण कर वहां उपस्थित करदाताओं से सीधी बातचीत की। उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली और सभी काउंटरों पर अतिरिक्त हेल्प डेस्क लगाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को त्वरित मार्गदर्शन मिल सके। इसके साथ ही बैठने की उचित व्यवस्था एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
परदेसीपुरा में अव्यवस्थाओं को लेकर निगम आयुक्त सख्त
लोक अदालत के दौरान जोन क्रमांक 6 परदेसीपुरा में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर निगम आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित एआरओ संयम नीमा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया भी मौके पर मौजूद रहे।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोक अदालत जैसे जनहित के आयोजनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त की जाएं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।