
इंदौर। शहर के क्लॉथ मार्केट हॉस्पिटल में मंगलवार को एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। नवजातों में तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। जन्म के तुरंत बाद बच्चों की नाजुक स्थिति को देखते हुए, डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार और निगरानी के लिए अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया।
डॉ रितेश पालिया ने बताया कि प्रसव सामान्य से अधिक जटिल था, लेकिन चिकित्सा टीम ने सफलतापूर्वक डिलीवरी कर मां और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की। चारों बच्चों का वजन अपेक्षाकृत कम है। एक नवजात का वजन 700 ग्राम है, जबकि अन्य तीन का वजन 1 किलो से 1.2 किलो तक है। इसलिए उन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता है। प्रसूता मां की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
महिला का नाम शबनम मंसूरी है और वे धार रोड की निवासी हैं। डॉक्टरों के अनुसार, महिला का इलाज आईवीएफ पद्धति से किया गया था। अस्पताल परिसर में यह घटना चर्चा का विषय बनी है, वहीं परिवार में खुशी का माहौल है।
इंदौर में इस तरह के मामले दुर्लभ नहीं। साल 2024 में कन्नौद की 24 वर्षीय मर्जिया ने इंदौर के निजी अस्पताल में एक साथ चार बच्चियों को जन्म दिया था। जबकि 2023 में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया था।
डॉक्टरों का कहना है कि बहु-नवजात प्रसव में जोखिम अधिक होता है, विशेषकर नवजातों का वजन सामान्य से कम होने पर। लेकिन, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी टीम और समय पर हस्तक्षेप की वजह से ऐसे मामलों में नन्हे जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
