
इंदौर। शहर में लगातार बढ़ रही नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत लसूडिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की। पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 लाख 50 हजार रुपए का चोरी का माल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण भील (21) और उसकी पत्नी नंदनी भील (19) निवासी रामनगर के रूप में हुई है। आरोपियों ने अनुराग नगर, स्कीम नंबर 94 सर्विस रोड स्थित एक मकान का ताला तोड़कर 21 लाख रुपए नकद और सोने की चेन चोरी की थी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों की पहचान की और दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरुण ने दो माह पूर्व इसी मकान के बाहर खड़ी रेनॉल्ट डस्टर कार चोरी करने का भी खुलासा किया। इसके अलावा उसने 22 नवंबर को आईसीआईसीआई बैंक, बांबे अस्पताल रोड का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने की बात भी कबूल की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, डीसीपी कुमार प्रतीक, एडीसीपी अमरेंद्र सिंह और एसीपी विजय नगर राजकुमार सराफ के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने दबिश देकर दंपत्ति को पकड़ा और उनके कब्जे से 19 लाख नकद, सोने की चेन, चोरी की डस्टर कार, चाकू व लोहे का कटर बरामद किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अरुण पर पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के कई प्रकरण दर्ज हैं। न्यायालय से रिमांड लेकर आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जाएगी। टीम में थाना प्रभारी तारेश सोनी व उनकी टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
