
इंदौर। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री खजराना गणेश मंदिर में नव वर्ष एवं तिल चतुर्थी महोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। नव वर्ष की पूर्व संध्या और प्रथम दिन बड़ी संख्या में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएँ करने के निर्देश दिए हैं। आगामी जनवरी में आयोजित होने वाले तिल चतुर्थी महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सात दिवसीय मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंदिर में ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार करते हुए वेबसाइट अपडेट करने,नया पोर्टल एवं मोबाइल एप प्रारंभ करने और सहयोग राशि के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, अपर कलेक्टर निशा डामोर,मुख्य पुजारी अशोक भट्ट, जयदेव भट्ट सहित पुलिस, निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नव वर्ष पर मंदिर में विशेष श्रंगार,आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से अलंकरण किया जाएगा। 31 दिसंबर को रात 11 बजे तक ही दर्शन के लिए प्रवेश रहेगा,जबकि 1 जनवरी को सुबह 4 बजे से पुनः दर्शन प्रारंभ होंगे।
6 जनवरी से आरंभ होने वाले तिल चतुर्थी महोत्सव में सवा लाख लड्डुओं का विशेष भोग,ध्वजा पूजन और भव्य सजावट प्रमुख आकर्षण रहेंगे। बैठक के बाद कलेक्टर ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मास्टर प्लान को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए।
