
इंदौर/धार। भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के निर्देशों के तहत लोकायुक्त पुलिस ने डही (जिला धार) के विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुधवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 एवं लेखा शाखा प्रभारी दिनेश भिड़े को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर इंदौर लोकायुक्त इकाई द्वारा की गई।
आवेदक रणजीत वामनियां ने शिकायत की थी कि उसके पिता कुवंरसिंह वामनियां, जो सीएम राइज स्कूल डही से 31 जुलाई 2025 को चपरासी पद से सेवानिवृत्त हुए थे, उनके पेंशन प्रकरण और एनपीएस कटौती राशि आहरित करने के बदले आरोपी 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था। आवेदक की शिकायत 28 नवंबर को लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय को प्राप्त हुई। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने 3 दिसंबर को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप आयोजित किया।
निर्धारित संकेत के बाद जैसे ही आरोपी ने आवेदक से 10 हजार रुपए की रिश्वत प्राप्त की, लोकायुक्त दल ने उसे मौके पर दबोच लिया। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
ट्रैप दल में निरीक्षक रेनू अग्रवाल, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक पवन पटोरिया, सतीश यादव, मनीष माथुर और कृष्णा अहिरवार शामिल थे। इस कार्रवाई ने सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है और पीड़ितों को न्याय की उम्मीद फिर से मजबूत की है।