
इंदौर। मानपुर थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हाईवे स्थित महाकाल रेस्टारेंट के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खड़े एक आयशर वाहन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि गुजरात से पावडर भरकर पीथमपुर जा रहा आयशर सड़क किनारे रुका था। चालक राजेंद्र चाय पीने रेस्टारेंट में गया हुआ था, इसी दौरान आयशर में आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि उसके पीछे खड़ी एक अन्य आयशर को भी अपनी चपेट में ले लिया। दूसरा चालक कुछ समझ पाता और वाहन हटाता, इससे पहले ही उसकी आयशर भी धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते हाईवे पर आग और धुएं के गुबार दूर तक नजर आने लगे, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।
ड्राइवर राकेश ने बताया कि वह मुंबई के भिवंडी इलाके से इंदौर केमिकल के डिब्बे ले जा रहा था। मानपुर में चाय पीने के लिए रुका। थोड़ी देर बाद ढाबे का एक कर्मचारी आया। उसने बताया कि बाहर एक ट्रक में आग लग गई है। मौके पर जाकर देखा तो आग ने विकराल रूप ले लिया था। कल ही माल भर कर निकला था। मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर के मुताबिक, पीछा खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। देखते ही देखते दोनों वाहन आग का गोला बन गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, तभी मौके पर पहुंची मानपुर और महू की फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन, तब तक दोनों आयशर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने बताया कि आग में दोनों वाहनों की नंबर प्लेट जल गई हैं। आग लगने के कारणों और वाहनों में भरे सामान की जांच की जा रही है।
