
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नंदपुर गांव में एक कुत्ता पिछले 36 से 48 घंटों से हनुमान मंदिर में बजरंगबली की मूर्ति की लगातार परिक्रमा कर रहा है। इससे गांव में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल है। सोमवार से कुत्ता बिना रुके, बिना खाए-पिए परिक्रमा कर रहा है। लोग इसे हनुमान जी की कृपा मान रहे हैं, इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल
सोमवार सुबह 4 बजे से शुरू होकर उसकी परिक्रमा लगातार जारी है। एक कुत्ता हनुमान जी की मूर्ति के चारों ओर बिना थके, बिना रुके परिक्रमा कर रहा है, और कुछ खा-पी नहीं रहा। ग्रामीण इसे एक अद्भुत और दिव्य दृश्य मान रहे हैं और दूर-दूर से लोग इसे देखने आ रहे हैं। इससे मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। परिक्रमा के दौरान एक कबूतर भी कुत्ते की पीठ पर बैठा था, जिसकी बाद में मौत हो गई। इस पर कुत्ते ने कुछ देर रुक कर भावुकता दिखाई, लेकिन फिर परिक्रमा जारी रखी।
बिना थके मंदिर परिसर में परिक्रमा
आस्था और आश्चर्य के बीच झूलते इस मामले ने पूरे इलाके को हैरानी में डाल दिया। इस असामान्य दृश्य को देखने के लिए गांव ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी लोग मंदिर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता बिना थके मंदिर परिसर में परिक्रमा करता रहता है। जब कभी थकान महसूस होती है तो वह सीधे हनुमान जी की मूर्ति के पास बैठ जाता है, मानो प्रभु के चरणों में विश्राम कर रहा हो। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि श्रद्धालु जब उसे भोजन या पानी देने का प्रयास करते हैं, तो वह उसे ग्रहण नहीं करता और फिर से परिक्रमा शुरू कर देता है।
इस अद्भुत दृश्य को देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे भगवान हनुमान की कृपा और आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे ईश्वर की लीला मान रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे एक रहस्यमयी संयोग बता रहे हैं, लेकिन कुत्ते के व्यवहार का कोई ठोस कारण कोई नहीं बता पा रहा। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु इस दृश्य को देखकर भावुक हो रहे हैं और इसे अपनी आस्था से जोड़ रहे हैं। नंदपुर गांव का यह घटनाक्रम अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। आस्था, विश्वास और चमत्कार के इस अनोखे संगम ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर एक बेजुबान जानवर का ऐसा व्यवहार किस ओर इशारा कर रहा है।
